उद्योग संवाद में उद्यमियों को मिला निवेश का आमंत्रण, सरकार और प्रशासन ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा - City Channel

Breaking

Thursday, June 4, 2026

उद्योग संवाद में उद्यमियों को मिला निवेश का आमंत्रण, सरकार और प्रशासन ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा

उद्योग संवाद में उद्यमियों को मिला निवेश का आमंत्रण, सरकार और प्रशासन ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा


🔻
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह बोलीं- बिहार अब उद्यमियों का बिहार, जमुई में उद्योग स्थापना की अपार संभावनाएं।

सिटी संवाददाता : राकेश कुमार की रिपोर्ट 

जमुई : जिला उद्योग केंद्र, जमुई के सभागार में गुरुवार को उद्योग संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, जिला पदाधिकारी नवीन, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल, जमुई चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुनील बरनवाल, सचिव नितेश केसरी तथा जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक मितेश सान्याल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार में उद्योग स्थापना की असीम संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि एक समय था जब बिहार से उद्योग और निवेश दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे थे, लेकिन पिछले वर्षों में राज्य में बेहतर कानून-व्यवस्था, आधारभूत संरचना और निवेश अनुकूल माहौल के कारण उद्योगों के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने उद्यमियों से बिहार में निवेश करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन हर स्तर पर सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

जिला पदाधिकारी नवीन ने कहा कि जमुई का भौगोलिक क्षेत्र उद्योगों के लिए काफी अनुकूल है। जिले में सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे निवेश के नए अवसर विकसित हुए हैं। उन्होंने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन उद्योग स्थापना से जुड़ी समस्याओं के समाधान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।

बैठक के दौरान चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों ने व्यवसायियों की सुरक्षा, बढ़ते अपराध, अतिक्रमण और जाम जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यकता महसूस करने वाले व्यवसायी नियमानुसार लाइसेंसी हथियार के लिए आवेदन कर सकते हैं तथा प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील है।

चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुनील बरनवाल और सचिव नितेश केसरी ने कहा कि जमुई जिले में उद्योग स्थापना की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने उद्योग लगाने की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा कागजी औपचारिकताओं को कम करने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को और प्रभावी बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन के सहयोग से जिले में औद्योगिक विकास को नई गति मिल सकती है।

कार्यक्रम में उद्यमियों और व्यवसायियों ने विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव भी रखे। जिला प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया कि उद्योग एवं व्यापार से जुड़े लोगों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।

इस अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष मनीष कुमार, उपसचिव रंजन कुमार, पूर्व उपाध्यक्ष अनिल बरनवाल, श्रीकांत केसरी, जयप्रकाश बरनवाल, मंटू बरनवाल, रंजन सिंह, पंकज कुमार, पंकज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी सहित बड़ी संख्या में उद्यमी, व्यवसायी एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment

Pages