अलीगंज में ‘सादिक टूरिज़्म ऑनलाइन साइबर कैफे’ का शुभारंभ, डिजिटल सेवाएं होंगी सुलभ
सिटी संवाददाता : मो० मुमताज
अलीगंज, जमुई : अलीगंज प्रखंड अंतर्गत अलीगंज बाजार के अंबेडकर चौक स्थित ‘सादिक टूरिज़्म ऑनलाइन साइबर कैफे’ का गुरुवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में सुन्नी बोर्ड के जिला सचिव जियाउल रशुल गफ्फारी, जिला परिषद प्रतिनिधि सुनील व्यास, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मुकेश कुमार, मुखिया प्रतिनिधि वाई.पी. सुमन तथा डॉ. सुबेलाल ठाकुर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कैफे का शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जियाउल रशुल गफ्फारी ने कहा कि यह साइबर कैफे क्षेत्र के युवाओं और छात्रों के लिए डिजिटल सेवाओं को सुलभ बनाएगा तथा ऑनलाइन आवेदन, फॉर्म भरने और शैक्षणिक कार्यों में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को विशेष आर्थिक रियायत भी दी जाएगी।
जिला परिषद प्रतिनिधि सुनील व्यास ने कहा कि आज का दौर पूरी तरह डिजिटल हो चुका है और छोटे-बड़े सभी कार्य ऑनलाइन माध्यम से संपन्न हो रहे हैं। ऐसे में इस तरह की सुविधा ग्रामीण क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मुकेश कुमार ने इसे विद्यार्थियों और किसानों के लिए बड़ी राहत बताया। वहीं मुखिया प्रतिनिधि वाई.पी. सुमन ने कैफे संचालक सादिक अनवर की सराहना करते हुए कहा कि उनके व्यवहार और सकारात्मक सोच के कारण बड़ी संख्या में लोग उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए।
कैफे संचालक सादिक अनवर ने जानकारी दी कि यहां विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने, स्कॉलरशिप, एडमिशन प्रक्रिया, प्रमाण पत्र डाउनलोड, ऑनलाइन पढ़ाई, रेलवे एवं एयर टिकट बुकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि किसानों के लिए सरकारी योजनाओं की जानकारी, फसल बीमा, पीएम किसान योजना, ऑनलाइन पंजीकरण, भूमि रिकॉर्ड, सब्सिडी आवेदन और मौसम संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मौके पर मौजूद वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की पहल ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे शिक्षा, कृषि और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।
कार्यक्रम में सुजीत कुमार, रामाशीष, प्रभाकर कुमार, अवधेश कुमार, मो. नासिर, मो. शाने, औरंजेब, साहुल, जसपाल, गोलू, दिलसाद, डब्लू सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment