जमुई में CRPF 215 बटालियन का 16वां स्थापना दिवस: शहीदों को श्रद्धांजलि, जवानों ने दिखाया जोश, मलयपुर पुलिस लाइन में भव्य आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
जमुई : जमुई के मलयपुर स्थित पुलिस लाइन में सीआरपीएफ की 215 बटालियन का 16वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। वर्ष 2010 में स्थापित इस बटालियन ने देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में जवानों के शौर्य, समर्पण और बलिदान को याद किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल के नेतृत्व में शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान वीर जवानों को विशेष गार्ड द्वारा सलामी दी गई और उनके अदम्य साहस को नमन किया गया। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
श्रद्धांजलि के बाद सैनिक सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें कमांडेंट ने अधिकारियों और जवानों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए बटालियन की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 215 बटालियन ने हर चुनौती का डटकर सामना किया है और आगे भी इसी जज्बे के साथ कार्य करती रहेगी।
कमांडेंट ने जवानों को अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत का संदेश देते हुए बदलते सुरक्षा परिदृश्य में सतर्क रहने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 से यह बटालियन बिहार के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है और कई अभियानों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
कार्यक्रम में जवानों के मनोबल को बढ़ाने के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। स्थापना दिवस के मौके पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने देशभक्ति गीतों के साथ भांगड़ा, बिहू समेत कई रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिसने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि संदीप सिंह, विशिष्ट अतिथि राज कुमार, जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने सीआरपीएफ के कार्यों की सराहना करते हुए जवानों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में कमांडेंट ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ, जिसमें अधिकारियों और जवानों ने एक साथ भाग लिया।



No comments:
Post a Comment