खैरा में बिजली तार गिरने से घर में लगी आग, 3 लाख की संपत्ति जलकर राख, नंगे तार की शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप - City Channel

Breaking

Saturday, April 4, 2026

खैरा में बिजली तार गिरने से घर में लगी आग, 3 लाख की संपत्ति जलकर राख, नंगे तार की शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप

 खैरा में बिजली तार गिरने से घर में लगी आग, 3 लाख की संपत्ति जलकर राख, नंगे तार की शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप

खैरा/जमुई : जमुई जिले के खैरा प्रखंड स्थित दाबील गांव में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। तेज हवा के कारण बिजली का तार टूटकर एक घर पर गिर गया, जिससे आग लग गई और देखते ही देखते पूरा घर जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि, समय रहते घर के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

पीड़ित गृहस्वामी नंदकिशोर साह ने बताया कि उनके घर के ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार वर्षों से बिना कवर के था। तेज हवा के कारण यह तार टूटकर उनकी झोपड़ी पर गिर गया, जिससे आग लग गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समस्या की शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

घटना के समय घर में मौजूद लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया और कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया। समय पर आग बुझाए जाने से आसपास के घरों और खेतों तक आग फैलने से बच गई, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि योगेंद्र राम ने इस घटना के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि जर्जर और नंगे तारों की जानकारी कई बार दी गई थी, लेकिन विभाग की उदासीनता के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

वहीं, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार ने पहले नंगे तार होने से इनकार किया और कहा कि वहां कवरिंग तार लगा हुआ था। हालांकि, घटना का वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने की बात कही है।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और वे बिजली विभाग से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

No comments:

Post a Comment

Pages