जमुई में जनता दरबार, डीएम ने सुनीं जन-समस्याएं; त्वरित समाधान के दिए निर्देश, “सबका सम्मान–जीवन आसान” के तहत फरियादियों से सीधा संवाद, भूमि विवाद और राजस्व मामलों पर सख्त निर्देश
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
जमुई : बिहार सरकार की पहल ‘सात निश्चय-3.0’ के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान” के मंत्र को साकार करते हुए सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया।
जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, राजस्व, स्थानीय विकास तथा धार्मिक न्यास से जुड़े मामले सामने आए। जिला पदाधिकारी ने सभी आवेदनों की गहन जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से भी अधिकारियों से बातचीत कर स्पष्ट किया कि जन-समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने फरियादियों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि जिला प्रशासन सरकार के निर्देशों के अनुरूप हर लक्ष्य को बेहतर ढंग से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि “सबका सम्मान–जीवन आसान” के तहत आयोजित जनता दरबार प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और आम लोगों को त्वरित न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है।
फरियादियों ने जिला पदाधिकारी की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का समाधान अब प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस पहल से जिले में जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूती मिल रही है, जिससे आम जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।

No comments:
Post a Comment