मेधा का सम्मान: जिला पदाधिकारी ने छात्रों का बढ़ाया उत्साह, गुगुलडीह विद्यालय पहुंचे
डीएम ने कहा : अनुशासन, परिश्रम और धैर्य को जीवन का आधार बनाएं।
सिटी संवाददाता : ,प्रो० राम जोवन साहू
जमुई : जिले में शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत जिला पदाधिकारी श्री नवीन उत्क्रमित उच्च विद्यालय, गुगुलडीह पहुंचे। अवसर था मैट्रिक परीक्षा–2026 में राज्य स्तर पर 8वां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन करने वाले शुभम कुमार सहित अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान का।
विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने छात्रों को सफलता का मूल मंत्र देते हुए कहा, "जैसे शरीर के लिए भोजन जरूरी है, वैसे ही सफलता के लिए अध्ययन की निरंतरता जरूरी है।" उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियाँ ही व्यक्ति के वास्तविक व्यक्तित्व को निखारती हैं। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और इरादे मजबूत हों, तो कोई भी बाधा सफलता की राह नहीं रोक सकती।
उन्होंने आगे कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि अनुशासन, कठिन परिश्रम, धैर्य और निरंतर अभ्यास के समन्वय से ही सफलता हासिल होती है। कम अंक पाने वाले छात्रों को उन्होंने निराश न होकर अपनी कमजोरियों को पहचानने और लगातार अभ्यास करने की सलाह दी।
शिक्षकों की भूमिका पर जोर
जिला पदाधिकारी ने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि छात्रों की सफलता उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को सिर्फ किताबों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें व्यावहारिक कौशल में भी दक्ष बनाएं, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रह सकें।
शुभम ने दिया प्रेरणादायक संदेश
इस अवसर पर टॉपर शुभम कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि अंक ही सफलता का एकमात्र पैमाना नहीं है, हर छात्र में अलग-अलग प्रतिभा होती है, जिसे पहचानकर उसे निखारना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने जिला पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से छात्रों और शिक्षकों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली है।
इस मौके पर अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नितेश कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment