मेधावी छात्रों का सम्मान, विद्यालय में आयोजित हुआ प्रेरणादायक समारोह
सोनो/जमुई : जिले के सोनो प्रखंड स्थित उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय चरकापत्थर में सोमवार को मेधावी छात्रों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवम, दशम, ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में लालीलेवाड पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रोहित यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिनका विद्यालय परिवार ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान सभी चयनित छात्रों को मेडल, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि रोहित यादव ने छात्रों को निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसके लिए निरंतर प्रयास जरूरी है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुबोध कुमार ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह छात्रों का मनोबल बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
इस मौके पर शिक्षक हिमांशु शेखर सिंह, निशा कुमारी, मो. वाशिम अहमद, अमरेंद्र कुमार, दिनेश रजक और कन्हैया जी सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने छात्रों की उपलब्धियों पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

No comments:
Post a Comment