झाझा सीएचसी में अवैध वसूली का आरोप, मरहम-पट्टी के नाम पर 500 रुपये लेने का मामला
झाझा/जमुई : झाझा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इलाज के दौरान अवैध वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक स्वास्थ्यकर्मी ने घायल महिला से मरहम-पट्टी के एवज में 500 रुपये ले लिए।
घायल महिला की पहचान बेलाटांड़ गांव निवासी पूजा कुमारी के रूप में हुई है। पीड़िता ने बताया कि शनिवार रात मामूली विवाद के दौरान उसके देवर मुकेश तुरी और भैंसुर के दामाद पंकज कुमार ने नशे की हालत में उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए झाझा सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान एक स्वास्थ्यकर्मी ने मरहम-पट्टी के नाम पर उनसे 500 रुपये ले लिए।
सोमवार को जब परिजन महिला को दोबारा इलाज के लिए अस्पताल लाए, तब उन्होंने इस मामले को सार्वजनिक किया और स्वास्थ्यकर्मी पर अवैध वसूली का आरोप लगाया। आरोप सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए गहमागहमी का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी मिलने पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवाब ने संज्ञान लिया। उन्होंने परिजनों को लिखित आवेदन देने की सलाह दी, ताकि संबंधित स्वास्थ्यकर्मी की पहचान कर उचित कार्रवाई की जा सके।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में इलाज के नाम पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment