जनता दरबार में डीएम ने सुनीं समस्याएं, त्वरित समाधान पर दिया जोर
जमुई: जिलाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) ने सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में आम लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान ही जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।
राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के तहत "सबका सम्मान, जीवन आसान" संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित इस जनता दरबार में विभिन्न प्रखंडों से आए 14 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए कुछ शिकायतों का मौके पर ही निष्पादन किया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समय सीमा के भीतर समाधान के निर्देश दिए।
इन मुद्दों पर आईं शिकायतें
जनता दरबार में जमीन की नापी, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, शिक्षा, पंचायत सरकार भवन निर्माण, कुंडरी-सुनकुराहा में पैक्स गोदाम निर्माण, भूल्लों पंचायत में पंचायत रोजगार सेवक को हटाने की मांग, आवास योजना, राजस्व चोरी सहित कई योजनाओं से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निष्पादन तय समय में हो, ताकि आम लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन को सरल बनाना और उन्हें सम्मान दिलाना है।
संवेदनशीलता का परिचय
जनता दरबार के दौरान जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों को अपने पास बैठाकर धैर्यपूर्वक उनकी समस्याएं सुनीं, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ।
इस मौके पर अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, जिला जन शिकायत कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी विनोद प्रसाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment