जमुई-लक्ष्मीपुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, साइकिल सवार किसान की मौत - City Channel

Breaking

Monday, April 6, 2026

जमुई-लक्ष्मीपुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, साइकिल सवार किसान की मौत

 जमुई-लक्ष्मीपुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, साइकिल सवार किसान की मौत


जमुई: जमुई-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में साइकिल सवार एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना केनुहट मोड़ के समीप की है, जहां तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर प्रखंड के केनुहट निवासी 60 वर्षीय किसान सजानंद सिंह के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान नजारी निवासी देवेश कुमार देव के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि उसके एक हाथ में गंभीर चोट आई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सजानंद सिंह साइकिल से केनुहट से मटिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उसी दिशा में जा रहे बाइक सवार देवेश कुमार को सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने चकमा दे दिया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने के बाद बाइक ने पीछे से साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किसान की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

मृतक सजानंद सिंह अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। इस हादसे के बाद परिवार में गहरा शोक का माहौल है।

No comments:

Post a Comment

Pages