गुड्डू सिंह हत्याकांड में दो सगे भाइयों को उम्रकैद, कोर्ट का सख्त फैसला - City Channel

Breaking

Tuesday, April 14, 2026

गुड्डू सिंह हत्याकांड में दो सगे भाइयों को उम्रकैद, कोर्ट का सख्त फैसला

 गुड्डू सिंह हत्याकांड में दो सगे भाइयों को उम्रकैद, कोर्ट का सख्त फैसला


जमुई : सोनो थाना क्षेत्र के केवाली गांव में हुए चर्चित गुड्डू कुमार सिंह हत्याकांड मामले में सोमवार को अदालत ने अहम फैसला सुनाया। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (चतुर्थ) प्रभात कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने दोनों आरोपियों—सुमन कुमार उर्फ सोनू और गुलशन कुमार—को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही दोनों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

अदालत ने स्पष्ट किया कि जुर्माना नहीं चुकाने की स्थिति में दोषियों को एक वर्ष का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। दोनों आरोपी केवाली गांव निवासी योगेंद्र सिंह के पुत्र हैं।

मामला मृतक गुड्डू कुमार सिंह के बेटे के बयान पर दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने गुड्डू सिंह को पंचायत के बहाने बुलाया था। पंचायत भवन के पास पहुंचते ही सुमन कुमार ने उन पर गोली चलाई, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। इसके बाद सुमन ने उन्हें पकड़ लिया और गुलशन कुमार ने उनके सीने में गोली मार दी।

घटना के बाद घायल गुड्डू सिंह को पहले सोनो अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए जमुई ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

एफआईआर में मृतक के बेटे ने गुलशन कुमार को पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का बताया था। हालांकि सुनवाई के दौरान हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका, लेकिन अदालत ने चश्मदीद गवाहों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों भाइयों को दोषी मानते हुए यह सजा सुनाई।

इस फैसले को जिले में एक महत्वपूर्ण न्यायिक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Pages