जमुई में ADEO परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 14 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच 4968 अभ्यर्थी शामिल
जमुई : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (ADEO) परीक्षा मंगलवार को जिले में कड़ी निगरानी और सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर कुल 4968 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। अभ्यर्थियों को पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे तक और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई। निर्धारित समय के बाद किसी को भी अंदर जाने नहीं दिया गया।
सुरक्षा के लिहाज से सभी केंद्रों पर त्रिस्तरीय व्यवस्था लागू रही। केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू कर भीड़भाड़ पर नियंत्रण रखा गया। परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे, जैमर और वीडियोग्राफी का सहारा लिया गया। महिला परीक्षार्थियों की जांच के लिए महिला पुलिस बल की अलग से तैनाती की गई थी।
जिला मुख्यालय में बने कंट्रोल रूम से पूरे परीक्षा संचालन पर लगातार नजर रखी गई। परीक्षा शुरू होने से पहले गेट पर सघन जांच अभियान चलाया गया, जिसके बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।
जिले के प्रमुख परीक्षा केंद्रों में +2 हाई स्कूल (स्टेट बैंक के समीप), एसएस गर्ल्स हाई स्कूल थाना चौक, +2 हाई स्कूल जमुई बाजार, खैरा, मलयपुर और बरहट के विभिन्न विद्यालय शामिल रहे।
प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभ्यर्थियों से नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा में शामिल होने की अपील की गई थी।

No comments:
Post a Comment