तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल
जमुई : जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामले में अशोका पब्लिक स्कूल के पास बालू लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
घायल युवक की पहचान लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र के धीरा गांव निवासी चंदन कुमार (पिता सतेंद्र सिंह) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि चंदन जमुई में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और रोज की तरह बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 की पुलिस तुरंत पहुंची और घायल को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल के चचेरे भाई सिंटू कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही परिजन जमुई पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में चंदन की हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।

No comments:
Post a Comment