भाकपा-माले जिला सम्मेलन को लेकर सरगर्मी तेज, 21 उम्मीदवारों ने किया नामांकन
ताजपुर/समस्तीपुर : भाकपा-माले के आगामी जिला सम्मेलन और संगठन चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दो दिवसीय जिला सम्मेलन 18 और 19 अप्रैल को कल्याणपुर के वीरसिंहगपुर में आयोजित होगा। इसे लेकर डेलीगेट चयन प्रक्रिया के तहत नामांकन का दौर शुरू हो गया है।
इस प्रक्रिया में कुल 21 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रमुख उम्मीदवारों में किसान नेता ब्रहमदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, मनोज कुमार सिंह, संजीव राय, ललन दास, मुंशीलाल राय, मजदूर नेता प्रभात रंजन गुप्ता, शंकर महतो, छात्र नेता जीतेंद्र सहनी, युवा नेता मो. एजाज, मो. शाद, मो. क्यूम, फुटपाथी दुकानदार नेता मो. अबुबकर, मनोज साह, मो. गुलाब, मुकेश कुमार गुप्ता, आशा एवं रसोईया संघ की रंजू कुमारी, रेखा कुमारी, सविता सिंह, ऐपवा नेत्री सुलेखा कुमारी एवं नीलम देवी शामिल हैं।
ताजपुर के फलमंडी स्थित अस्थायी चुनाव कार्यालय में नामांकन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि जिला सम्मेलन संगठन को मजबूत करने, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर मंथन करने और आगामी आंदोलनों की रूपरेखा तय करने का महत्वपूर्ण मंच होगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में किसानों, मजदूरों, छात्रों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। जिला पर्यवेक्षक लोकेश राज की मौजूदगी में नामांकन पत्रों की जांच के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत डेलीगेट का चुनाव कराया जाएगा।
सम्मेलन को लेकर जिले में विभिन्न स्तरों पर बैठकों का दौर जारी है और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। इस दो दिवसीय सम्मेलन में भाकपा-माले के राष्ट्रीय सचिव दीपांकर भट्टाचार्य और मिथिलांचल प्रभारी धीरेंद्र झा सहित कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं में सम्मेलन को लेकर उत्साह का माहौल है।

No comments:
Post a Comment