ऑटो में ‘तहखाना’ बनाकर हो रही थी शराब तस्करी, जमुई में बड़ा खुलासा, दो गिरफ्तार - City Channel

Breaking

Wednesday, April 8, 2026

ऑटो में ‘तहखाना’ बनाकर हो रही थी शराब तस्करी, जमुई में बड़ा खुलासा, दो गिरफ्तार

ऑटो में ‘तहखाना’ बनाकर हो रही थी शराब तस्करी, जमुई में बड़ा खुलासा, दो गिरफ्तार

सिटी संवाददाता : पंकज बरनवाल

सोनो/जमुई : जिले के सोनो-चकाई मुख्य मार्ग पर चीरेन पुल के पास उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के एक बेहद चौंकाने वाले तरीके का पर्दाफाश किया है। विभाग की टीम ने एक ऑटो में गुप्त तहखाना बनाकर छिपाई गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेगूसराय जिले के असुरारी निवासी रवि कुमार और आस्तिक कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की यह खेप झारखंड के देवघर से बेगूसराय के बरौनी ले जाई जा रही थी।

उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान संदिग्ध ऑटो को रोका गया। तलाशी लेने पर ऑटो के अंदर विशेष रूप से तैयार किया गया एक छिपा हुआ तहखाना मिला, जिसमें शराब को बेहद चालाकी से रखा गया था। टीम ने मौके से भारी मात्रा में शराब बरामद कर ऑटो को जब्त कर लिया।

विभाग ने इस कार्रवाई के साथ ही अपने हालिया अभियान के आंकड़े भी साझा किए हैं। 1 जनवरी से 5 अप्रैल 2026 के बीच जिले में कुल 2591 छापेमारी कर 370 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें 19,585 लीटर शराब और 29 वाहन जब्त किए गए।

फरवरी में 2351 छापेमारी के दौरान 349 गिरफ्तारियां और 14,502 लीटर शराब बरामद हुई, जबकि 34 वाहन जब्त किए गए। मार्च में 2595 छापेमारी में 324 गिरफ्तारियां और 5,953 लीटर शराब के साथ 32 वाहन जब्त किए गए। अप्रैल माह में अब तक 34 छापेमारी में 8 लोगों की गिरफ्तारी और 291 लीटर शराब बरामद की जा चुकी है।

उत्पाद विभाग का कहना है कि तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर कानून को चुनौती देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन विभाग की सख्ती और सतत निगरानी से उनके मंसूबों को लगातार नाकाम किया जा रहा है। इलाके में आगे भी अभियान और तेज किए जाने की बात कही गई है।

No comments:

Post a Comment

Pages