समस्तीपुर में मिनी गन फैक्ट्री का वीडियो वायरल, लेथ मशीन पर बन रहे थे हथियार
समस्तीपुर : जिले के बंगला थाना क्षेत्र में हाल ही में उजागर हुई मिनी गन फैक्ट्री मामले में अब एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक छोटे से कमरे में कारीगर लेथ मशीन के सहारे देसी हथियार तैयार कर रहे हैं।
जांच में सामने आया है कि इस अवैध फैक्ट्री के लिए कारीगरों को भागलपुर के सुल्तानगंज से बुलाया जाता था। तैयार हथियारों को 15 से 25 हजार रुपये में बेचा जाता था। पुलिस का कहना है कि इन दिनों जमीन विवाद से जुड़े अपराधी ऐसे हथियारों की जमाखोरी कर रहे हैं, जिससे इनकी मांग बढ़ गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी राजेश चौधरी ने बताया कि उसे बबलू सिंह ने समस्तीपुर बुलाया था और 25 हथियार बनाने का ऑर्डर दिया गया था। वह करीब एक सप्ताह पहले ही यहां पहुंचा था और सामग्री मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। अब तक वह दो पिस्टल तैयार कर चुका था और बाकी ऑर्डर पूरा करने की तैयारी में था, तभी एसटीएफ को इसकी भनक लग गई।
वायरल वीडियो में दो कारीगरों को हथियार बनाते हुए देखा जा सकता है। एक कारीगर लेथ मशीन पर पिस्टल का हिस्सा तैयार कर रहा है, जबकि दूसरा उसकी सहायता कर रहा है। वहीं पास में तैयार पिस्टल, मैगजीन और गोलियां भी रखी हुई दिख रही हैं, जिनकी जांच भी की जा रही थी।
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से दो निर्मित देसी पिस्टल, एक अर्द्धनिर्मित पिस्टल, छह मैगजीन, एक जिंदा कारतूस के साथ-साथ लेथ मशीन, ड्रिल मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए गए। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment