जमुई में डॉ. अंबेडकर जयंती पर गूंजा समानता का संदेश, प्रशासन ने किया भव्य आयोजन का संकल्प
जमुई : भारतीय संविधान के निर्माता और सामाजिक न्याय के अग्रदूत डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती जमुई में पूरे सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कचहरी चौक स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर आयोजित मुख्य समारोह में जिला पदाधिकारी श्री नवीन और पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल ने दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अनुसूचित जाति-जनजाति कर्मचारी संघ के सदस्यों ने बाबा साहेब के विचारों को याद करते हुए सामाजिक समानता और न्याय की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि ऐसे दूरदर्शी चिंतक थे जिन्होंने दुनिया के श्रेष्ठ लोकतांत्रिक मूल्यों को भारतीय संविधान में समाहित किया। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर लोकतंत्र कई चुनौतियों का सामना कर रहा है, लेकिन भारत एक संविधान के तहत मजबूती से आगे बढ़ रहा है, जो बाबा साहेब की सोच का परिणाम है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डॉ. अंबेडकर किसी एक विचारधारा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके विचार समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जिला पदाधिकारी ने घोषणा की कि प्रतिमा स्थल और परिसर का जीर्णोद्धार कराया जाएगा और अगले वर्ष इस आयोजन को और भव्य रूप दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल ने अपने संबोधन में ‘समानता में एकता’ का संदेश देते हुए लोगों से शिक्षित बनने और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा और अधिकारों के लिए डॉ. अंबेडकर के योगदान को विशेष रूप से याद किया।
अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि बाबा साहेब की सोच आज भी समाज को दिशा देने में सक्षम है और उनके सिद्धांतों को अपनाकर ही सामाजिक कुरीतियों को खत्म किया जा सकता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अनुसूचित जाति-जनजाति कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सह जिला परिवहन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार और उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही।
समारोह के अंत में जिला पदाधिकारी श्री नवीन के नेतृत्व में उपस्थित लोगों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया और एक समतामूलक, सशक्त और प्रगतिशील समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त सुभाष चन्द्र मंडल , अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ० मेनका कुमारी, डीपीआरओ बीरेन्द्र कुमार, कला संस्कृति पदाधिकारी विकेश कुमार, कार्यपालक अभियंता ई. गौतम कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



No comments:
Post a Comment