50 लाख लूट कांड का मुख्य आरोपी राहुल ठठेरा ने किया सरेंडर, कुर्की के बाद बढ़ा दबाव
जमुई : मलयपुर थाना क्षेत्र में हुए 50 लाख रुपये की लूट के चर्चित मामले में मुख्य आरोपी राहुल ठठेरा ने सोमवार शाम जमुई कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। वह पिछले करीब चार महीनों से फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा उसके घर पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के अगले ही दिन उसने सरेंडर कर दिया।
यह घटना 9 जनवरी 2026 की रात जमुई-मलयपुर मुख्य मार्ग पर आंजन नदी पुल के पास हुई थी, जो मलयपुर थाना से महज कुछ दूरी पर स्थित है। हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने थोक स्वर्ण व्यवसायी विक्रम कुमार उर्फ विक्की सोनी को रोककर पिस्तौल के बट से हमला किया और करीब 50 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था।
पुलिस जांच में सामने आया था कि इस वारदात में कुल सात अपराधी शामिल थे, जो दो बाइक और एक ऑटो से पहुंचे थे। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी राहुल ठठेरा फरार था।
पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। आखिरकार कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के बाद उस पर दबाव बढ़ा और उसने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से अपराधियों में कड़ा संदेश गया है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

No comments:
Post a Comment