सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर जमुई में भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न, कचहरी चौक पर बंटी मिठाइयां
जमुई : बिहार में नेतृत्व परिवर्तन के बाद सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की खुशी में बुधवार को जमुई के कचहरी चौक पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी ने किया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने बिहार को बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकालकर विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि अब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य और तेज गति से प्रगति करेगा और नई ऊंचाइयों को छुएगा। केसरी ने कहा कि बिहार में ‘डबल इंजन’ की सरकार का लाभ जनता को पहले भी मिला है और आगे भी मिलता रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राज्य में मजबूत नेतृत्व के चलते विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी।
वहीं भाजपा जिला महामंत्री बृजनंदन सिंह ने भी सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व परिवर्तन से संगठन और सरकार दोनों को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार प्रगति, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण, साधना सिंह, गौरी शंकर कुमार, शंभू रामचंद्र वंशी, अजय पासवान, अभिषेक राज, हिमांशु सिंह, अभिषेक गुप्ता, हीरा गुप्ता, राहुल सिंह राठौड़, जनार्दन मंडल, शंभू पांडे, अंकित केसरी, सुजीत मंडल, भोलेनाथ, रामानंद गोस्वामी, धनंजय चंद्रवंशी, ताहिर अंसारी, दीपक सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment