पहली पत्नी को घर से निकाल दूसरी शादी का आरोप, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
जमुई : जमुई जिले में एक 50 वर्षीय व्यक्ति पर अपनी पहली पत्नी को घर से निकालकर दूसरी शादी करने का आरोप लगा है। चार बच्चों की मां पीड़िता ने न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है और स्थानीय थाना पर कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया है।
चरकापत्थर थाना क्षेत्र के बौथा गांव निवासी सरोज देवी ने एसपी विश्वजीत दयाल को लिखित आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2001 में गोपाल मोदी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी, जिससे उन्हें चार बच्चे हैं।
पीड़िता का आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व उनके पति, ससुर सरयू मोदी, सास कुसुम देवी और ननद रेखा देवी द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। 2 जनवरी 2026 को मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह अपने मायके झाझा प्रखंड के धमना गांव में रहने लगीं।
सरोज देवी के अनुसार, बाद में उन्हें जानकारी मिली कि उनके पति ने गया जिले के बैरागी गांव की प्रीति देवी से दूसरी शादी कर ली है। प्रीति देवी पहले से दो बच्चों की मां हैं, जिन्हें गोपाल मोदी ने अपना लिया है।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि जब वह दोबारा ससुराल पहुंचीं तो उनके साथ फिर से मारपीट की गई और दूसरी पत्नी के साथ मिलकर उन्हें भगा दिया गया। उन्होंने बताया कि 7 मार्च 2026 को चरकापत्थर थाना में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है और थाने से उन्हें डांटकर भगा दिया जाता है।
अब पीड़िता ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं चरकापत्थर थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि महिला द्वारा आवेदन दिया गया है, प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

No comments:
Post a Comment