जमुई के पूर्व नक्सल प्रभावित इलाकों के विकास की तैयारी तेज, मुख्य सचिव के निर्देश पर डीएम ने समग्र विकास की कार्ययोजना बनाने की प्रक्रिया शुरू की - City Channel

Breaking

Saturday, April 18, 2026

जमुई के पूर्व नक्सल प्रभावित इलाकों के विकास की तैयारी तेज, मुख्य सचिव के निर्देश पर डीएम ने समग्र विकास की कार्ययोजना बनाने की प्रक्रिया शुरू की

जमुई के पूर्व नक्सल प्रभावित इलाकों के विकास की तैयारी तेज, मुख्य सचिव के निर्देश पर डीएम ने समग्र विकास की कार्ययोजना बनाने की प्रक्रिया शुरू की

जमुई  : जमुई जिले के पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने और वहां विकास की रफ्तार तेज करने के लिए प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में इन क्षेत्रों के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में चोरमारा, गुरमाहा, मुसहरी टांड़, बोंगी और बनमुरिया जैसे सुदूर इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पुल-पुलिया और संचार व्यवस्था की वर्तमान स्थिति का आकलन कर ठोस विकास प्रस्ताव तैयार किए जाएं, ताकि योजनाबद्ध तरीके से कार्य शुरू किया जा सके।

मुख्य सचिव के निर्देश के बाद जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने त्वरित पहल करते हुए इन क्षेत्रों के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन का फोकस इन दुर्गम इलाकों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर है।

गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में इन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान कराकर प्रशासन ने अपनी सक्रियता और प्रतिबद्धता का परिचय दिया था। वर्षों बाद अपने मूल मतदान केंद्रों पर मतदान करने से स्थानीय लोगों में सुरक्षा और लोकतंत्र के प्रति विश्वास बढ़ा है।

अब जिला प्रशासन इन इलाकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए एक समेकित योजना पर काम कर रहा है। कनेक्टिविटी सुधारने, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ पर्यटन की संभावनाओं को भी विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

प्रशासन का मानना है कि प्रस्तावित योजनाओं के क्रियान्वयन से इन क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी और लोगों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार आएगा। जल्द ही तैयार प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे जाएंगे, जिससे इन इलाकों में विकास कार्यों को गति मिल सके।

No comments:

Post a Comment

Pages