झाझा में दिनदहाड़े छीनतई, सेवानिवृत्त रेलकर्मी से दो लाख रुपये लूटे, बाइक सवार बदमाशों ने धक्का देकर गिराया, पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी
जमुई : जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े छीनतई की घटना से सनसनी फैल गई। एकडारा के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने साइकिल से जा रहे एक सेवानिवृत्त रेलकर्मी को निशाना बनाते हुए उनके पास से दो लाख रुपये छीन लिए और फरार हो गए।
पीड़ित की पहचान विशुन देव प्रसाद यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वे झाझा स्थित स्टेट बैंक की शाखा से दो लाख रुपये की निकासी कर थैले में रखकर अपने गांव संसारपुर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से पीछा कर रहे अपराधियों ने एकडारा के समीप उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने बताया कि उनकी पोतियों की शादी होने वाली है, जिसके लिए उन्होंने यह रकम निकाली थी। उन्होंने आशंका जताई कि अपराधी उनकी गतिविधियों पर पहले से नजर रखे हुए थे, क्योंकि बस स्टैंड के पास भी उन्हें रोकने की कोशिश की गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही झाझा थानाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह, एसडीपीओ राजेश कुमार सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

No comments:
Post a Comment