मिशन शक्ति 5.0 में बेटियों को मिला नेतृत्व का मौका, एक दिन के लिए संभाली पुलिस की कमान - City Channel

Breaking

Wednesday, April 8, 2026

मिशन शक्ति 5.0 में बेटियों को मिला नेतृत्व का मौका, एक दिन के लिए संभाली पुलिस की कमान

 मिशन शक्ति 5.0 में बेटियों को मिला नेतृत्व का मौका, एक दिन के लिए संभाली पुलिस की कमान

सिटी स्टेट ब्यूरो उत्तरप्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज कुमार

मुजफ्फरनगर/खतौली : महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के तहत थाना खतौली में एक अनोखा और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के अंतर्गत मेधावी छात्राओं को एक दिन के लिए पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपकर उन्हें नेतृत्व और कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव दिया गया।

कार्यक्रम में के.के. इंटर कॉलेज की 12वीं की छात्रा सृष्टि सिंघल को एक दिन के लिए क्षेत्राधिकारी खतौली का कार्यभार सौंपा गया। वहीं, कबूल कन्या इंटर कॉलेज की 10वीं की छात्रा पलक शर्मा को कार्यवाहक प्रभारी अधिकारी बनाया गया। इसके अलावा सोनिया पाल और सोफिया को चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी देकर पुलिस व्यवस्था से जुड़ी अहम भूमिकाओं से अवगत कराया गया।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक (क्राइम) के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी खतौली के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान छात्राओं ने थाना परिसर में जनसुनवाई भी की, जहां फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

छात्राओं ने थाने के विभिन्न अनुभागों जैसे मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीएनएस कक्ष, जीडी कार्यालय और हवालात का निरीक्षण किया तथा रिकॉर्ड्स की भी जांच की। साथ ही उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया और प्रशासनिक जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना, साथ ही उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि वे भी भविष्य में प्रशासनिक और नेतृत्वकारी भूमिकाओं में अपनी पहचान बना सकती हैं।

थाना खतौली पुलिस द्वारा इस तरह के कार्यक्रमों के जरिए मिशन शक्ति अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Pages