विकास योजनाओं की रफ्तार पर डीएम की सख्ती, समय पर क्रियान्वयन और शिकायत निवारण पर फोकस
जमुई : जिले में चल रही विकासात्मक और लोककल्याणकारी योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री नवीन की अध्यक्षता में समाहरणालय के संवाद कक्ष में अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया गया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारियों से सीधे संवाद करते हुए जिला पदाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना और लोहिया स्वच्छता अभियान समेत अन्य प्रमुख योजनाओं की अद्यतन स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले का समग्र विकास प्रत्येक प्रखंड के कार्य प्रदर्शन पर निर्भर करता है, इसलिए योजनाओं को धरातल पर तेजी से उतारना जरूरी है।
जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने विशेष रूप से लंबित जनशिकायतों के समाधान पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता को समय पर राहत पहुंचाना है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में केवल कागजी प्रगति के बजाय वास्तविक जमीनी स्थिति पर फोकस किया गया। जीविका और वीबी-जी रामजी (विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) से जुड़े अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करने की रणनीति भी बनाई गई।
जिला पदाधिकारी श्री नवीन की इस पहल से यह स्पष्ट है कि प्रशासन जमीनी स्तर पर काम कर रहे अधिकारियों के अनुभवों को महत्व देते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, भूमि उप समाहर्ता सह विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार, प्रभारी जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मेनका कुमारी समेत जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment