चकाई में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 24 हजार का जुर्माना वसूला
चकाई?जमुई : चकाई थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्य चौक के पास सघन वाहन जांच की गई, जिससे नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया।
अभियान का नेतृत्व अपर थानाध्यक्ष प्रभात राय ने किया। इस दौरान पुलिस ने तकनीकी और कानूनी दोनों स्तरों पर सख्ती बरती। थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने बताया कि खास तौर पर ऐसे वाहनों की जांच की जा रही है, जिनका पहले कई बार ऑनलाइन चालान कट चुका है लेकिन अब तक जुर्माना जमा नहीं किया गया है।
उन्होंने साफ चेतावनी दी कि बकाया चालान नहीं भरने वाले वाहनों को जब्त किया जाएगा। पुलिस के इस रुख से साफ है कि नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ सकती है।
जांच के दौरान ट्रिपल लोडिंग, बिना हेलमेट और बिना वैध कागजात के वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई। कुल मिलाकर 24 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके साथ ही बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की सूची भी तैयार की जा रही है, ताकि आगे और कड़ी कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें।

No comments:
Post a Comment