उलाई नदी पर बन रहा हाईटेक पुल, 100 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ - City Channel

Breaking

Monday, April 13, 2026

उलाई नदी पर बन रहा हाईटेक पुल, 100 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

 उलाई नदी पर बन रहा हाईटेक पुल, 100 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

जमुई : सदर प्रखंड के हरनारायणपुर चौरा घाट पर उलाई नदी पर बन रहे बहुप्रतीक्षित पुल का निर्माण कार्य अब तेज रफ्तार पकड़ चुका है। आधुनिक तकनीक से तैयार हो रहा यह पुल जिले के लिए खास महत्व रखता है, क्योंकि पहली बार यहां ऐसी उन्नत तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।

करीब 350 मीटर लंबाई वाले इस पुल के निर्माण पर लगभग 29 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके तैयार होने के बाद गिद्धौर, झाझा और बरहट प्रखंड के दर्जनों गांवों को सीधा फायदा मिलेगा। वर्षों से इस घाट पर पुल की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होती नजर आ रही है।

निर्माण कार्य में “वेल टाइप फाउंडेशन” तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। साइट इंजीनियर शंकर डे के अनुसार, इस तकनीक के तहत नदी में गहराई तक खुदाई कर कुएं जैसी मजबूत संरचना बनाई जाती है, जिस पर पिलर खड़े किए जाते हैं। यह वही तकनीक है, जिसका उपयोग बड़े नदियों—जैसे गंगा—पर बनने वाले पुलों में किया जाता है, जिससे पुल अधिक मजबूत और टिकाऊ बनता है।

निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए करीब दो साल का लक्ष्य तय किया गया है। हालांकि एजेंसी की कोशिश है कि बरसात से पहले ही मुख्य ढांचा तैयार कर लिया जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

पुल बनने के बाद लगभग 100 गांवों के लोगों की आवाजाही आसान हो जाएगी। अभी जहां जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, वहीं पुल बनने के बाद यह दूरी घटकर महज 5 किलोमीटर रह जाएगी। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

No comments:

Post a Comment

Pages