करंट से 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप - City Channel

Breaking

Monday, April 6, 2026

करंट से 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

 करंट से 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

जमुई : जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत मड़ैया पंचायत के धरवा गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कारेलाल तुरी के पुत्र सौरभ कुमार के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि सौरभ कुमार सुबह करीब 8 बजे घर से खेत की ओर शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में जमीन से लगभग 5 फीट ऊपर लटक रहे बिजली के तार की चपेट में वह आ गया। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के दौरान खेत में रखी गेहूं की पराली में भी आग लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मुखिया प्रतिनिधि योगेंद्र साह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेने के बाद स्थानीय थाना को सूचना दी।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि उक्त तार करीब एक सप्ताह से नीचे लटक रहा था। इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन विभाग द्वारा समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।

घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

लक्ष्मीपुर थाना अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिल चुकी है और वरीय अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुट गया है।

No comments:

Post a Comment

Pages