जमुई में आंगनवाड़ी केंद्र महीने में सिर्फ 1-2 दिन खुलने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश, बच्चों के पोषण और गर्भवती महिलाओं की सेवाएं प्रभावित, शिकायत पर धमकी देने का भी आरोप
सोनो/जमुई : जमुई जिले के सोनो प्रखंड अंतर्गत केशोफरका पंचायत के ठाकुरअहरा गांव में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र के अक्सर बंद रहने को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र महीने में केवल एक-दो दिन ही खुलता है, जिससे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली जरूरी सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।
यह आंगनवाड़ी केंद्र एक सामुदायिक भवन में संचालित होता है। ग्रामीणों के अनुसार, केंद्र के नियमित रूप से बंद रहने के कारण बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सुविधाएं बाधित हो रही हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे इस मामले में विरोध करते हैं, तो उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती है, जिससे लोग खुलकर शिकायत करने से डरते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आंगनवाड़ी सेविका महीने में केवल एक दिन आकर उपस्थिति दर्ज कर औपचारिकता पूरी कर लेती हैं, जबकि बाकी समय केंद्र बंद रहता है।
वहीं, इस संबंध में आंगनवाड़ी सेविका चंचला देवी ने सफाई देते हुए बताया कि उनका पैर फिसल जाने के कारण वे नियमित रूप से केंद्र नहीं जा सकीं।
मामले पर प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) बीनू कुमारी ने कहा कि शिकायत मिली है, जिसकी जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान ग्रामीण योगेंद्र यादव, कुंदन पांडेय, जोबा यादव, नारायण यादव, हीरा यादव सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment