जमुई में स्कूटी चोरी की कोशिश, CCTV में कैद हुई वारदात
जमुई : जमुई शहर में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। गुरुवार सुबह करीब 2:46 बजे महाराजगंज चौक के पास जदयू के नगर अध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा की स्कूटी चोरी करने की कोशिश की गई। हालांकि चोर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका और स्कूटी को कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, चोर स्कूटी को घर के पास से लगभग 70 से 80 मीटर दूर तक ले गया और उसे स्टार्ट करने का प्रयास किया। स्कूटी स्टार्ट नहीं होने पर वह उसे महाराजगंज स्थित बैजू वॉच के पास छोड़कर भाग निकला। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पीड़ित राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने टाउन थाना में आवेदन देकर चोर की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि पिछले दो दिनों में यह तीसरी वारदात है। इससे एक दिन पहले बुधवार देर रात टाउन थाना क्षेत्र के सिरचन नवादा मोहल्ले में दीपक सिंह के घर से बंटी सिंह की ग्लैमर बाइक चोरी कर ली गई थी, जिसकी तस्वीरें भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थीं। उसी रात भाजपा नेता विकास सिंह के घर में भी चोरी की कोशिश की गई थी।
शहर में लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात में गश्ती बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। टाउन थानाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

No comments:
Post a Comment