जमुई में दिनदहाड़े बस लूटने की कोशिश नाकाम, एक आरोपी गिरफ्तार - City Channel

Breaking

Friday, March 13, 2026

जमुई में दिनदहाड़े बस लूटने की कोशिश नाकाम, एक आरोपी गिरफ्तार

जमुई में दिनदहाड़े बस लूटने की कोशिश नाकाम, एक आरोपी गिरफ्तार

जमुई : जमुई शहर के श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम स्थित कामाख्या पेट्रोल पंप के पास बस लूटने की कोशिश पुलिस की सतर्कता से विफल हो गई। अपराधियों ने सिसोदिया बस के उपचालक को बंधक बनाकर बस लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन गश्ती पर निकली टाउन थाना पुलिस की तत्परता से उनकी योजना नाकाम हो गई।

जानकारी के अनुसार, शास्त्री कॉलोनी निवासी ललन कुमार सिंह उर्फ लाल बाबू, जो बीआर-46 पी-40001 नंबर की सिसोदिया बस के मैनेजर हैं, ने बताया कि बस प्रतिदिन मां कामाख्या पेट्रोल पंप के पास खड़ी रहती है और सुबह 4 बजकर 20 मिनट पर भागलपुर के लिए रवाना होती है। 12 मार्च की रात करीब 1:30 बजे बस में सो रहे खलासी विपिन यादव को अपराधियों ने गमछे से मुंह बांधकर बंधक बना लिया और गियर के पास रखी चाबी से बस स्टार्ट कर लेकर भागने लगे।

इसी दौरान गश्ती कर रहे टाउन थाना के अवर निरीक्षक रामनारायण प्रसाद की नजर बंधक बने खलासी पर पड़ी। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने अपनी टीम के साथ तुरंत कार्रवाई की और अपराधियों का पीछा किया। इमली पेड़ के पास स्थित सुधा डेयरी केंद्र के समीप पुलिस ने बस को रोक लिया। पुलिस को देखते ही एक आरोपी भागने लगा, जिसे खदेड़कर पकड़ लिया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान लाल राज नारायण सिंह के रूप में हुई है, जबकि उसके दो साथी स्कूटी से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी को टाउन थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।

बस मैनेजर ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताते हुए बताया कि समय पर कार्रवाई से बड़ी घटना टल गई। पीड़ित पक्ष की ओर से टाउन थाना में आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Pages