रतनपुर चौक पर नाले का गंदा पानी सड़क पर, लोगों को हो रही भारी परेशानी
जमुई : जमुई के गिद्धौर–जमुई मुख्य मार्ग एनएच-333 स्थित रतनपुर चौक इन दिनों नाले के गंदे पानी से भर गया है। वार्ड नंबर 4 और 5 से निकलने वाला गंदा पानी मुख्य सड़क पर बह रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस समस्या को उजागर करते हुए एक युवक ने करीब 25 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक रतनपुर चौक की स्थिति दिखाते हुए बता रहा है कि एनएच-333 पर नाले का गंदा पानी जमा होकर बह रहा है, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों वार्डों के कई घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए बना नाला जगह-जगह से टूट चुका है। नालियों पर लगे स्लैब भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिसके कारण गलियों में गंदा पानी जमा रहता है और ओवरफ्लो होकर मुख्य सड़क पर आ जाता है। सड़क से गुजरने वाले वाहनों के कारण गंदे पानी के छींटे दुकानों तक पहुंच जाते हैं, जिससे दुकानदारों को विशेष परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या करीब छह महीने से बनी हुई है। वर्ष 2023 में हाईकोर्ट के आदेश पर चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान वार्ड 4 और 5 को जोड़ने वाली गलियों में तोड़फोड़ हुई थी, जिससे नाला क्षतिग्रस्त हो गया था। तब से जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित है।
इस स्थिति के कारण वार्डवासियों को नारकीय परिस्थितियों में रहना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द नाले की मरम्मत कर जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके।

No comments:
Post a Comment