जमुई में सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा के स्वागत की तैयारियां तेज, झाझा में बनी रणनीति
झाझा (जमुई) : आध्यात्मिक चेतना, प्रेम, सेवा और मानवता का संदेश लेकर देशभर में निकल रही सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा के जमुई जिले में आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रथ यात्रा के स्वागत, ठहराव और कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से झाझा में एक निजी आवास पर श्री सत्य साईं सेवा संगठन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता संगठन के जमुई जिला अध्यक्ष मुन्ना कुमार ने की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और साईं भक्तों ने रथ यात्रा के स्वागत की रूपरेखा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और कार्यक्रमों के संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की। यह निर्णय लिया गया कि रथ यात्रा को आध्यात्मिक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने बताया कि आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर यह भव्य रथ यात्रा देशभर में निकाली जा रही है। इसी क्रम में 18 और 19 मार्च को यह रथ यात्रा जमुई जिले में पहुंचेगी। 18 मार्च को रथ बांका जिले से जमुई की सीमा में प्रवेश करेगा, जहां श्रद्धालु श्रद्धा और उत्साह के साथ इसका स्वागत करेंगे। उसी दिन रथ का ठहराव श्री सत्य साईं सेवा समिति झाझा में किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 मार्च को यह रथ झाझा से गिद्धौर पहुंचेगा, जहां श्री सत्य साईं सेवा समिति गिद्धौर के तत्वावधान में श्रद्धालुओं के लिए विशेष दर्शन और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 20 मार्च को यह रथ यात्रा जमुई से प्रस्थान कर नालंदा जिले के लिए रवाना हो जाएगी।
बैठक में वक्ताओं ने बताया कि यह रथ केवल एक वाहन नहीं बल्कि चलता-फिरता आध्यात्मिक मंदिर के समान है। भव्य रूप से सजाए गए इस रथ पर स्वर्ण नक्काशी और गेंदे के फूलों की आकर्षक सजावट की गई है। रथ के शीर्ष पर सत्य साईं बाबा की मुस्कुराती तस्वीर स्थापित है, जिसके साथ उनका संदेश “सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो” अंकित है। रथ के चारों ओर बाबा के प्रेरणादायी विचार लिखे गए हैं, जो समाज को प्रेम, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
बैठक में खुशबू कुमारी, शंभू झा, ओम, सुनीता कुमारी, अनीता झा, अनिमेष चंद्र, साईं सत्यम, साईं सूर्यांशी, साईं सूर्यम सहित कई साईं भक्त मौजूद रहे। वहीं गिद्धौर समिति की ओर से सुशांत साईं सुंदरम और सोनू कुमार मिश्रा सहित अन्य श्रद्धालु भी शामिल हुए। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने रथ यात्रा के स्वागत को भव्य और सफल बनाने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment