मलयपुर शिवालय में 19 से 27 मार्च तक नौ दिवसीय कुंडीय गायत्री महायज्ञ, 151 कलशों की शोभायात्रा से होगा शुभारंभ जमुई : - City Channel

Breaking

Monday, March 16, 2026

मलयपुर शिवालय में 19 से 27 मार्च तक नौ दिवसीय कुंडीय गायत्री महायज्ञ, 151 कलशों की शोभायात्रा से होगा शुभारंभ जमुई :

 मलयपुर शिवालय में 19 से 27 मार्च तक नौ दिवसीय कुंडीय गायत्री महायज्ञ, 151 कलशों की शोभायात्रा से होगा शुभारंभ


जमुई : बरहट प्रखंड के मलयपुर स्थित शिवालय में 19 मार्च से 27 मार्च तक नौ दिवसीय कुंडीय गायत्री महायज्ञ और प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं और आयोजकों गायत्री परिवार के सदस्यों में उत्साह का माहौल है।

सोमवार को कार्यक्रम स्थल पर व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। शिवालय परिसर का रंग-रोगन किया जा रहा है और मंदिर को फूलों तथा आकर्षक लाइटिंग से सजाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं के लिए भव्य माहौल तैयार किया जा सके।

आयोजन समिति के अनुसार, महायज्ञ के लिए नेपाल के मंदिरों की शैली से प्रेरित 9 कुंडीय यज्ञ मंडप का निर्माण कराया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। गायत्री परिवार के कई सदस्य इसके निर्माण और सजावट में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। इस महायज्ञ में रूपल कुमार सिंह और उनकी पत्नी श्वेता सिंह मुख्य यजमान होंगे।

गायत्री परिवार के सदस्य उमाशंकर सिंह, संजय सिंह, पतंजलि जिला अध्यक्ष नरेश प्रसाद सिंह, शुभम सिंह, अनुराग सिंह, बीनू कुमार और रवि मिश्रा ने बताया कि महायज्ञ का शुभारंभ 19 मार्च की सुबह 151 कलशों की भव्य शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और श्रद्धालु शामिल होंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बनेगा।

महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 11 बजे तक हवन-पूजन होगा, जबकि शाम 6:30 बजे से प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन हरिद्वार तपोवन गायत्री परिवार के आचार्य छबिलाल मिश्र करेंगे। उनके साथ भजन-कीर्तन मंडली भी होगी, जो प्रतिदिन संध्या में भजन-कीर्तन प्रस्तुत करेगी।

आयोजकों ने बताया कि कलश यात्रा में शामिल होने की इच्छुक महिलाएं और युवतियां एक दिन पहले शिवालय स्थित गायत्री परिवार से संपर्क कर सकती हैं। साथ ही क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की गई है।

No comments:

Post a Comment

Pages