सोनो में बच्चों में बढ़ी ‘सुलेशन’ नशे की लत, लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग
सिटी संवाददाता : पंकज कुमार
सोनो (जमुई) : सोनो प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों कम उम्र के बच्चों के बीच ‘सुलेशन’ को नशे के रूप में इस्तेमाल करने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इस स्थिति को लेकर इलाके के प्रबुद्ध लोगों और अभिभावकों में गहरी चिंता देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कम उम्र के बच्चे इस नशे की गिरफ्त में आकर अपनी सेहत और भविष्य दोनों को खतरे में डाल रहे हैं। कई बच्चे पढ़ाई-लिखाई छोड़कर इस गलत आदत के शिकार हो रहे हैं, जिससे उनके जीवन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
बताया जाता है कि सुलेशन सस्ता और आसानी से उपलब्ध होने के कारण बच्चे जल्दी इसकी लत में फंस जाते हैं। यही वजह है कि प्रखंड के कई इलाकों में यह समस्या धीरे-धीरे गंभीर रूप लेती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुकानों पर इसकी बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। साथ ही बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की भी अपील की है।
वहीं शिक्षकों और अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया गया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो कई बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो सकता है।

No comments:
Post a Comment