नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजने का फैसला शीर्ष नेतृत्व का: प्रफुल्ल मांझी, अगले मुख्यमंत्री के नाम पर अभी नहीं हुआ निर्णय, गठबंधन करेगा अंतिम फैसला
सिकंदरा/जमुई : बिहार की राजनीति में संभावित बदलाव और मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर जारी चर्चाओं के बीच सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र से ‘हम’ पार्टी के विधायक प्रफुल्ल मांझी ने महत्वपूर्ण बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजने का निर्णय पूरी तरह गठबंधन और शीर्ष नेतृत्व का है। विधायक ने स्पष्ट किया कि इस निर्णय से पहले विभिन्न स्तरों पर चर्चा हुई और उन्हें सहमति से इसके लिए तैयार किया गया। यह कहना गलत है कि उन्हें जबरन राज्यसभा भेजा जा रहा है।
प्रफुल्ल मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार स्वयं भी राज्यसभा जाने के इच्छुक थे और उनकी इच्छा को ध्यान में रखते हुए ही यह फैसला लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री पूरी तरह स्वस्थ और सक्रिय हैं तथा सार्वजनिक कार्यक्रमों में लगातार हिस्सा ले रहे हैं, जिससे उनकी कार्यक्षमता स्पष्ट होती है।
अगले मुख्यमंत्री के नाम को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। गठबंधन के नेता आपसी सहमति से नाम तय करेंगे और सभी उसे स्वीकार करेंगे।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के मुख्यमंत्री बनने की संभावना पर उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसी संभावना कम नजर आती है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि उनका नाम सामने आता है तो वे पूरी तरह समर्थन करेंगे।
विधायक ने कहा, “अगर गठबंधन की बैठक में जीतन राम मांझी का नाम आता है, तो हम निश्चित रूप से उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग करेंगे।”
प्रफुल्ल मांझी ने ये बातें सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान लोगों की समस्याएं सुनने के बाद मीडिया से बातचीत में कहीं।

No comments:
Post a Comment