ऑनलाइन ठगी का शिकार युवक ने एसपी से लगाई गुहार, खाते से 2.04 लाख की निकासी, सहकर्मी पर धोखाधड़ी का आरोप, साइबर थाना में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने की बात
जमुई : गरही थाना क्षेत्र के दरीमा निवासी चुटो यादव ने ऑनलाइन ठगी का शिकार होने के बाद बुधवार को पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसके सहकर्मी ने धोखे से उसके बैंक खाते से 2 लाख 4 हजार रुपये निकाल लिए।
चुटो यादव ने बताया कि वह पांडेसरा स्थित एक कंपनी में कार्यरत था, जहां उसकी मुलाकात औरंगाबाद जिले के पप्पू यादव से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच परिचय बढ़ा, जिसके बाद आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर ली।
आरोप है कि आरोपी ने अपने मोबाइल में PhonePe ऐप के माध्यम से पीड़ित का बैंक खाता लिंक कर लिया और धीरे-धीरे कुल 2.04 लाख रुपये निकाल लिए।
ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने तत्काल साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उसके अनुसार अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसके बाद वह एसपी कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले से अवगत कराते हुए पैसे की बरामदगी तथा आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने पीड़ित को आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

No comments:
Post a Comment