गिद्धौर में श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा के स्वागत की तैयारियां तेज, बैठक में बनी विस्तृत रणनीति
गिद्धौर : आध्यात्मिक चेतना, प्रेम और मानव सेवा का संदेश लेकर निकल रही श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा के जमुई जिले में आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में गिद्धौर स्थित लाइफ हेल्थ मेडिकल यूनिट परिसर में श्री सत्य साईं सेवा संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें रथ यात्रा के स्वागत, ठहराव तथा कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता श्री सत्य साईं सेवा संगठन के जमुई जिला अध्यक्ष मुन्ना कुमार ने की।
बैठक के दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं साईं भक्तों ने रथ यात्रा के सफल आयोजन के लिए विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्धारण किया तथा श्रद्धालुओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। जिलाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने बताया कि आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में निकाली जा रही यह श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा 18 और 19 मार्च को जमुई जिले में पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि 18 मार्च को बांका जिले से इस रथ को श्रद्धालुओं द्वारा रिसीव किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उसी दिन रथ का ठहराव श्री सत्य साईं सेवा समिति झाझा में किया जाएगा, जहां श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
इसके बाद 19 मार्च को यह रथ गिद्धौर पहुंचेगा, जहां श्री सत्य साईं सेवा समिति गिद्धौर के तत्वावधान में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके उपरांत 20 मार्च को रथ यात्रा जमुई से प्रस्थान कर नालंदा जिले के लिए रवाना हो जाएगी। बैठक में यह भी बताया गया कि यह रथ केवल एक साधारण वाहन नहीं, बल्कि एक चलता-फिरता आध्यात्मिक मंदिर के समान है। स्वर्ण नक्काशी और गेंदे के फूलों से सुसज्जित इस भव्य रथ पर सत्य साईं बाबा की मुस्कुराती तस्वीर के साथ उनका दिव्य संदेश सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो अंकित है। रथ के चारों ओर बाबा के प्रेरणादायी विचार लिखे गए हैं, जो जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, प्रेम और सेवा का संदेश देते हैं।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सत्य साईं बाबा का जीवन और उनका आध्यात्मिक संदेश मानवता की सेवा, प्रेम और करुणा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके अनुसार प्रेम और सेवा ही सच्चा धर्म है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। बताया गया कि यह विशेष रथ यात्रा विश्व शांति, भाईचारे और सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। जहां-जहां यह रथ पहुंच रहा है, वहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और लोग इसे बाबा का साक्षात आशीर्वाद मानते हुए श्रद्धा भाव से दर्शन कर रहे हैं।
बैठक में कपिलदेव साह, गणेश पंडित, योगेश कुमार, अवधेश यादव, रितेश कुमार, रॉकी कुमार सहित कई साईं भक्त उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर रथ यात्रा के सफल आयोजन तथा अधिकाधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment