जमुई में गिट्टी लदे हाइवा से 56 लाख की अंग्रेजी शराब जब्त, चालक गिरफ्तार
जमुई : जमुई में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गिट्टी लदे एक हाइवा से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस दौरान वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि जमुई के रास्ते एक हाइवा से अवैध शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही विभाग के सचिव और जिलाधिकारी के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।
टीम ने चकाई-बामदह के पास संदिग्ध हाइवा को रोककर तलाशी ली। शुरुआती जांच में वाहन में गिट्टी लदी हुई थी, लेकिन गिट्टी हटाने पर उसके नीचे विभिन्न ब्रांड की 564 पेटी अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी हुई मिली। जब्त शराब की कुल मात्रा 5063.400 लीटर बताई गई है।
मौके से वाहन चालक विजय यादव को गिरफ्तार किया गया, जो सिमुलतला थाना क्षेत्र के लहावन वार्ड संख्या-4 का निवासी है।
उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि बरामद शराब की बाजार कीमत लगभग 56 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि शराब की यह खेप देवघर से झाझा की ओर ले जाई जा रही थी।
फिलहाल पुलिस वाहन मालिक और इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। चालक से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उत्पाद विभाग ने कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment