चैती छठ को लेकर तैयारियां तेज, उलाय नदी छठघाट पर चला सफाई अभियान, जेसीबी से समतलीकरण व निर्माण कार्य, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई विशेष व्यवस्था
जमुई : चैती छठ पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को गणेशी मंदिर के समीप उलाय नदी स्थित छठघाट पर सार्वजनिक छठ पूजा कमेटी द्वारा व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
इस दौरान जेसीबी मशीन के माध्यम से छठघाट की साफ-सफाई, समतलीकरण और आवश्यक निर्माण कार्य कराया गया। यह अभियान छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित किया गया।
कमेटी के सीनियर सदस्य एवं वार्ड पार्षद रंजन अकेला ने बताया कि पहले चैती छठ के दौरान सीमित स्थानों पर ही सफाई की जाती थी, लेकिन अब बढ़ती आस्था और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पूरे छठघाट की सफाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि घाट तक जाने वाले मार्ग की भी साफ-सफाई कराई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, छठघाट पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था की भी व्यवस्था की गई है, जिससे संध्या और प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
कमेटी के सदस्यों ने बताया कि चैती छठ पूजा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए अन्य आवश्यक तैयारियां भी लगातार जारी हैं।

No comments:
Post a Comment