रामनवमी व चैती दुर्गा पूजा को लेकर खैरा थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण पाबंदी, नए जुलूस की अनुमति नहीं; पारंपरिक मार्गों से ही निकलेगा जुलूस
खैरा/जमुई : जमुई जिले के खैरा थाना परिसर में सोमवार शाम करीब 5 बजे आगामी रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी मिंटू सिंह ने की, जिसमें क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी मिंटू सिंह ने सुरक्षा को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी नए जुलूस को अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी जुलूस केवल पूर्व निर्धारित पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे।
उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि डीजे (DJ) पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई डीजे बजाते हुए पकड़ा जाता है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जुलूस में हथियार या किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री ले जाने पर भी पूरी तरह रोक रहेगी।
थाना प्रभारी ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और हर गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शेखर सुमन ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में अवर निरीक्षक कुंज बिहारी, उपेंद्र पाठक, उपेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment