जमुई: जनता दरबार में डीएम ने सुनीं जन-समस्याएं, त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
जमुई : जिले के आम लोगों की समस्याओं के त्वरित और न्यायसंगत समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिलाधिकारी श्री नवीन ने ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया।
जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, राजस्व, शिक्षा विभाग, जीविका तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं से संबंधित छह से अधिक मामलों की सुनवाई की गई। सुनवाई के क्रम में जिलाधिकारी श्री नवीन ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का निष्पादन केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित न रहे, बल्कि उसका ठोस परिणाम भी धरातल पर दिखाई दे।
जिलाधिकारी श्री नवीन ने स्पष्ट कहा कि जन-समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर भूमि विवादों के निष्पक्ष और शीघ्र निपटारे पर विशेष जोर दिया, ताकि आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इस दौरान प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से त्वरित कार्रवाई के लिए अग्रसारित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन का निर्देश दिया गया
मौके पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी बिरेंद्र कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मेनका कुमारी सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment