पंचवटी धाम पतनेश्वर महादेव मंदिर की न्यास समिति भंग, डीएम बने अस्थायी न्यासधारी\
जमुई : बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद द्वारा पंचवटी धाम, मलयपुर स्थित पतनेश्वर महादेव मंदिर की वर्तमान न्यास समिति को भंग कर दिया गया है। परिषद के आदेशानुसार जमुई के जिला पदाधिकारी श्री नवीन को मंदिर का अस्थायी न्यासधारी नियुक्त किया गया है। अब मंदिर की चल-अचल संपत्ति तथा प्रबंधन का संचालन जिलाधिकारी के स्तर से किया जाएगा।
परिषद द्वारा जारी पत्रांक 2751, दिनांक 25 फरवरी 2026 के अनुसार यह निर्णय मंदिर प्रबंधन को लेकर प्राप्त कई शिकायतों के आधार पर लिया गया है। इससे पहले अनुमंडल पदाधिकारी के प्रस्ताव पर अधिसूचना संख्या 34, दिनांक 4 अप्रैल 2024 के तहत 9 सदस्यीय न्यास समिति का गठन एक वर्ष के लिए किया गया था।
इस दौरान समिति के सचिव राजीव कुमार पांडेय के विरुद्ध कोतवाली थाना कांड संख्या 12/2006 के तहत दर्ज आपराधिक मामले की जानकारी परिषद को मिली थी। इस संबंध में परिषद ने जनवरी 2025 में उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा था, लेकिन प्राप्त जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। बाद में सितंबर 2025 में अनुमंडल पदाधिकारी से भी मंतव्य मांगा गया, जो प्राप्त नहीं हो सका।
इसी बीच दिसंबर 2025 में स्थानीय नागरिकों द्वारा नई समिति के गठन के लिए आवेदन दिया गया था, जिसके आधार पर जनवरी 2026 में समिति के कार्यकाल को पांच वर्षों के लिए बढ़ा दिया गया था। हालांकि 10 फरवरी 2026 को खुशबू पांडेय द्वारा दिए गए आवेदन में कार्यरत समिति पर कई गंभीर आरोप लगाए गए। परिषद ने इन आरोपों पर समिति से पुनः स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं मिला।
इन परिस्थितियों को देखते हुए परिषद ने बिहार हिंदू धार्मिक न्यास अधिनियम, 1950 की धारा 33 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए पूर्व में जारी विस्तार आदेश को रद्द कर दिया और वर्तमान न्यास समिति को भंग कर दिया।
परिषद ने जमुई के जिला पदाधिकारी श्री नवीन को अस्थायी न्यासधारी नियुक्त करते हुए मंदिर की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन ने कहा है कि मंदिर की धार्मिक मर्यादा तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

No comments:
Post a Comment