निर्माणाधीन बजरंगबली मंदिर पर चला बुलडोजर, ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन - City Channel

Breaking

Monday, March 30, 2026

निर्माणाधीन बजरंगबली मंदिर पर चला बुलडोजर, ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन

निर्माणाधीन बजरंगबली मंदिर पर चला बुलडोजर, ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन

जमुई: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 स्थित घोड़ा अस्पताल के समीप निर्माणाधीन बजरंगबली मंदिर को सोमवार को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका गुप्ता के निर्देश पर की गई।

मंदिर तोड़े जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई को अपनी आस्था पर चोट बताते हुए मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग की।

विरोध के दौरान वहां से गुजर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा केसरी की गाड़ी को ग्रामीणों ने रोक लिया और उनसे अपनी शिकायत रखते हुए मंदिर निर्माण में सहयोग की अपील की।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण विकास कुमार ने बताया कि पिछले करीब 20 वर्षों से उक्त स्थान पर पूजा-पाठ होता आ रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर का निर्माण शुरू किया गया था, जिसे साजिश के तहत तुड़वाया गया। साथ ही उन्होंने वार्ड संख्या 6 के पार्षद प्रतिनिधि पर भी गंभीर आरोप लगाए।

वहीं, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका गुप्ता ने प्रशासनिक कार्रवाई को उचित ठहराया। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर निर्माण हो रहा था, वह एक महत्वपूर्ण चौराहा है, जहां रिंग रोड निर्माण प्रस्तावित है। बिना अनुमति किया गया यह निर्माण यातायात व्यवस्था और विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न कर सकता था।

उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ी होने से जाम की समस्या में कमी आएगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी। ईओ ने ग्रामीणों के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि भविष्य में इस विकास कार्य का लाभ सभी को मिलेगा।

No comments:

Post a Comment

Pages