जर्जर छज्जा गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल, इलाके में दहशत
जमुई: जमुई के महिसौड़ी इलाके में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक मकान का जर्जर छज्जा अचानक गिर पड़ा। इस घटना में 38 वर्षीय सुहानी खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं। वह महिसौड़ी निवासी शमशेर की पत्नी बताई जाती हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छज्जा पिछले चार वर्षों से जर्जर अवस्था में लटका हुआ था और कभी भी गिर सकता था। स्थानीय लोगों ने कई बार मकान मालिक को इसकी खराब स्थिति के बारे में सचेत किया था, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है।
सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। टाउन थानाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जर्जर भवनों की जल्द जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

No comments:
Post a Comment