अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर झाझा में ‘वन स्टॉप सेंटर’ का उद्घाटन, अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
जमुई : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जमुई जिले के झाझा में ‘वन स्टॉप सेंटर’ का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, वरीय उपसमाहर्ता सावन कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार तथा झाझा प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से आई महिला मुखियाओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा ने फीता काटकर नवनिर्मित वन स्टॉप सेंटर का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर बताया गया कि वन स्टॉप सेंटर के माध्यम सेपीड़ित और जरूरतमंद महिलाओं को एक ही छत के नीचे चिकित्सीय सहायता, विधिक परामर्श, काउंसिलिंग सहित अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम की शुरुआत झाझा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली से हुई। रैली के माध्यम से महिला सशक्तिकरण तथा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर बालिकाओं ने स्वागत गान, स्लोगन और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। वहीं प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय झाझा की छात्राओं ने भी आकर्षक नृत्य प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह लिया।
इस मौके पर जिला प्रशासन की ओर से समाज और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। सामाजिक कार्यों में सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं, छात्राओं, शिक्षिकाओं और विभाग के कर्मियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं को शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आईसीडीएस के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार, महिला एवं बाल विकास निगम जमुई की जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. अनुजा कुमारी, सदर सीडीपीओ आभा कुमारी सहित विभाग के अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

No comments:
Post a Comment