अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘नारी शक्ति के स्वावलंबन और सामर्थ्य’ का उत्सव, जीविका दीदियां सम्मानित - City Channel

Breaking

Sunday, March 8, 2026

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘नारी शक्ति के स्वावलंबन और सामर्थ्य’ का उत्सव, जीविका दीदियां सम्मानित

 अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘नारी शक्ति के स्वावलंबन और सामर्थ्य’ का उत्सव, जीविका दीदियां सम्मानित

सिटी संवाददाता : पिंकी कुमारी

जमुई अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जिला समाहरणालय के सभाकक्ष में नारी शक्ति के स्वावलंबन और सामर्थ्य का उत्सव मनाया गया। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में जीविका दीदियों के साहस और उपलब्धियों को सम्मानित किया गया तथा ‘विकसित जमुई’ के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव सम्मान और समानता का स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि हमारे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दर्शन में भी महिला की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा के साथ-साथ आगे बढ़ने के नए अवसर मिले हैं। आज महिलाएं जल, थल और नभ—तीनों क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि आत्मचिंतन का भी अवसर है। समाज के हाशिए पर खड़ी महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वास्थ्य, शिक्षा और समान अवसर सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार ने कहा कि समाज और विकास के हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। महिलाओं के सहयोग और समर्थन से ही समाज की प्रगति संभव हो पाती है।

कार्यक्रम के दौरान उन जीविका दीदियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। बेबी कुमारी, सुमन कुमारी, पिंकी कुमारी, सुकांती कुमारी और दिव्यांग बबिता देवी को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी मेनका कुमारी ने भी महिलाओं की शक्ति और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणा का स्रोत बताया। कार्यक्रम के अंत में डीपीएम जीविका संजय कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों और सैकड़ों जीविका दीदियों ने सामूहिक शपथ ली और महिलाओं के सशक्तिकरण तथा जमुई के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प दोहराया।

No comments:

Post a Comment

Pages