महिला दिवस पर साइकिल यात्रा समूह ने किया पौधारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जमुई : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई के तत्वावधान में रविवार को 531वीं रविवारीय साइकिल यात्रा के तहत बरहट प्रखंड की कटौना पंचायत स्थित पुस्तकालय भवन के समीप महिलाओं के सम्मान में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर साइकिल यात्रियों, स्थानीय ग्रामीणों और महिलाओं ने मिलकर पौधे लगाए और महिला सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कटौना पंचायत के मुखिया कपिल देव प्रसाद यादव ने कहा कि महिला और पौधा दोनों ही सृजन और संरक्षण के प्रतीक हैं। जिस प्रकार एक महिला अपने स्नेह, त्याग और संस्कारों से परिवार और समाज को संवारती है, उसी प्रकार एक पौधा बढ़कर धरती को हरियाली, शुद्ध वायु, छाया और फल प्रदान करता है।
वहीं वार्ड सदस्य फुलवंती देवी ने कहा कि महिला दिवस पर पौधारोपण के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जिस समाज में महिलाओं को सम्मान और प्रकृति को संरक्षण मिलेगा, वही समाज वास्तविक अर्थों में समृद्ध और विकसित बन सकता है।
साइकिल यात्रा के मौके पर सदस्य लड्डू मिश्रा और अमित कुमार सिंह ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और महिलाओं को समान अधिकार, सम्मान व अवसर देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित पर्यावरण बनाने के साथ-साथ महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी निरंतर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम में मुखिया कपिल देव प्रसाद यादव, फुलवंती देवी, अंशिका कुमारी, मुस्कान कुमारी, अनुष्का कुमारी, आरुषि कुमारी, पूजा कुमारी, बबीता देवी, रीना देवी, गोलू कुमार, रामप्रवेश कुमार, अमरेंद्र नाथ शर्मा, सचिराज पद्माकर, विवेक कुमार, गणेश यादव, अनिल कुमार यादव, अविनाश कुमार, राहुल कुमार, विवेक भारती, लड्डू मिश्रा, अजीत कुमार, अजय यादव और नीतीश कुमार तांती सहित कई लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment