पुलिस-पब्लिक मैत्री शारीरिक प्रतियोगिता में 100 बच्चों ने लिया हिस्सा
खैरा (जमुई)। खैरा प्रखंड के गढ़ी थाना क्षेत्र स्थित शहीद एस.के. मुर्मू स्टेडियम में शनिवार को पुलिस-पब्लिक मैत्री शारीरिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लगभग 100 बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना और पुलिस व आम जनता के बीच आपसी सहयोग व मैत्रीभाव को मजबूत करना था। प्रतियोगिता में दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद और गोला फेंक सहित कई खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। बच्चों के उत्साह को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
इस आयोजन को सफल बनाने में मंटू सर, अजीत कुमार, कुंदन कुमार और ऋषि कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी इंजीनियर पवन सर, समाजसेवी नंदू रविदास तथा गढ़ी थाना अध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा मौजूद रहे।
इंजीनियर पवन सर ने बच्चों को खेलकूद के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि खेल से शरीर स्वस्थ रहता है और बच्चों में अनुशासन व आत्मविश्वास का विकास होता है। वहीं थाना अध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा ने भी बच्चों को मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के समापन पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य सभी प्रतिभागियों को मेडल देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की।

No comments:
Post a Comment