होली को लेकर चकाई व चंद्रमंडीह में पुलिस का फ्लैग मार्च
चकाई/जमुई : होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले के चकाई थाना और चंद्रमंडीह थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग फ्लैग मार्च निकाला। मार्च का उद्देश्य आम लोगों के बीच सुरक्षा का विश्वास कायम करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था।
चकाई में प्रखंड प्रशासन और पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। इसका नेतृत्व बीडीओ मनीष आनंद, सीओ राजकिशोर साह और थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने किया। मार्च चकाई थाना से शुरू होकर चकाई बाजार, जयप्रकाश चौक, चकाई मोड़, प्रखंड कार्यालय, पंचमुखी चौक, नगड़ी, मीरबीघा और सहाना कॉलोनी सहित विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों से गुजरा। इस दौरान अवर निरीक्षक प्रभात राय, मोतीलाल साह, शिवनंदन कुमार, मंटू कुमार, आलो रानी और नेहा कुमारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
वहीं चंद्रमंडीह पुलिस ने भी अपने थाना क्षेत्र के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों—बासुकीटांड़, माधोपुर, फूटनी चौक, रायचोर और बंधा गांव—में पैदल गश्त करते हुए फ्लैग मार्च किया। इस दौरान अवर निरीक्षक नंदन कुमार, मनीष मिश्रा, बिनोद कुमार, काजल कुमारी और रानी कुमारी उपस्थित रहे।
चंद्रमंडीह थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार ने बताया कि होली के दौरान हुड़दंग मचाने या शराब पीकर शांति भंग करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया।

No comments:
Post a Comment