होली को लेकर चकाई-देवघर मार्ग पर सघन वाहन जांच, 11 हजार जुर्माना वसूला
जमुई। होली पर्व के मद्देनजर चकाई थाना पुलिस ने मंगलवार को चकाई–देवघर मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। घोरमो मद्य निषेध चेकपोस्ट के समीप थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 11 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल लोडिंग करने, ड्राइविंग लाइसेंस नहीं रखने तथा सीट बेल्ट नहीं लगाने जैसे मामलों में चालान काटे गए।
पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन तलाशी भी ली। वाहनों की डिक्की और संदिग्ध सामान की विशेष जांच की गई, ताकि त्योहार के दौरान शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने बताया कि होली के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की और चेतावनी दी कि नशे में वाहन चलाने या अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment